15/10/2022
बेगमबाग का नाम पार्वती नगर करने के लिए संतो ने दिया प्रस्ताव
एंकर- उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के विस्तारित परिसर महाकाल लोक के लोकार्पण समारोह के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर अब प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के स्वागत सम्मान का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को रामादल अखाड़ा परिषद के संतो-महंतो ने कलेक्टर आशीषसिंह का सम्मान किया। इस अवसर पर रामादल अखाड़ा परिषद की ओर से बेगमबाग के रिक्त क्षेत्र का नामकरण पार्वती नगर करने का प्रस्ताव भी दिया गया।
वीओ- महाकाल लोक के निर्माण से लेकर उसके लोकार्पण में कलेक्टर आशीष सिंह की सबसे अहम भूमिका रही है। कलेक्टर निर्माण में जुटे श्रमिकों से लेकर ठेकेदार फर्म व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार संवाद करते रहे और उन्हें तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रेरित भी करते रहे। शुक्रवार को रामादल अखाड़ा परिषद के संतो-महंतो ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर आशीष सिंह का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया और महाकाल लोक के लोकार्पण के सफलतम समारोह पर उन्हें बधाई दी। कलेक्टर से मुलाकात के दौरान संत-महंतो ने महाकाल लोक परिसर के नजदीक रिक्त कराए गए क्षेत्र का नाम बेगमबाग से बदलकर पार्वती नगर किए जाने का प्रस्ताव दिया गया। कलेक्टर ने आश्वस्त किया है कि वे इस प्रस्ताव को नगर निगम के माध्यम से अमल में लाने का प्रयास करेंगे। रामादल अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डा. रामेश्वर दास ने बताया कि उज्जैन भगवान महाकालेश्वर की नगरी है लेकिन यहां के किसी भी क्षेत्र का नामकरण माता पार्वती के नाम पर नहीं है। रामादल अखाड़ा परिषद के संतो-महंतो ने महाकाल लोक के नजदीक वाले क्षेत्र का नामकरण माता पार्वती के नाम पर करने की मांग रखी है। कलेक्टर आशीष सिंह का स्वागत करने वाले संतो के प्रतिनिधि मंडल में महंत डॉ. रामेश्वर दास महाराज जगदीश मंदिर, महंत भगवानदास जी, महंत दिग्विजयदास जी निर्वाणी अखाड़ा, महंत रामचंद्रदास जी दिगंबर अखाड़ा, महंत रामसेवकदास जी निर्मोही अखाड़ा, महंत महंत बलरामदास जी शीतला माता गौशाला, महंत काशीदास जी हजारी हनुमान मंदिर, महंत राघवेंद्रदास जी हनुमान वाटिका आश्रम, महंत दिग्विजयदास जी बड़ा श्रीराम मंदिर, महंत विशालदास जी, अचलनाथ जी अघोर आश्रम, महंत अवधबिहारी दास जी आक्याजागीर खाचरोद सहित गोवर्धन सागर विकास समिति व शीतलामाता भक्त मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
- बाईट महंत डा. रामेश्वरदास, अध्यक्ष रामादल अखाड़ा परिषद