03/02/2026
3 फरवरी 2026 को ग्रहों के राजकुमार बुध का गोचर कुंभ राशि में रात में 09:54 मिनट पर होने जा रहा है। इसके बाद 6 फरवरी को धन के दाता शुक्र कुम्भ राशि में प्रवेश करेंगे। फिर ग्रहों के राजा सूर्य का गोचर कुंभ राशि में 13 फरवरी को होगा। 23 फरवरी को ग्रहों के सेनापति मंगल भी कुम्भ राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। साल 2025 से मायावी ग्रह राहु भी पहले से ही कुंभ राशि में बैठे हुए हैं। ऐसे में फरवरी के महीने में कुंभ राशि में पंचग्रही योग बनने से कुछ राशियों को लाभ मिलेगा व कुछ राशियों को परेशानी हो सकती है। आइए जानते हैं कुंभ राशि में पंचग्रही योग किन राशियों के लिए अच्छे दिन ला सकता है :
मेष:- मेष लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग एकादश भाव में बनने से मेष राशि वालों की फरवरी में दीर्घकालिक महत्वाकांक्षाएं पूरी होने की संभावना है । द्वितीय भाव के स्वामी शुक्र का एकादश भाव में होना आर्थिक लाभ और आय में सुधार के लिए अत्यंत अनुकूल है। सट्टा व शेयर बाजार की गतिविधियों या नेतृत्व आधारित परियोजनाओं के माध्यम से योजनाओं को सफलता में बदलने के सशक्त योग बन रहे हैं। हालांकि, व्यक्तिगत संबंधों, विशेषकर प्रेम मामलों में, अनावश्यक टकराव से बचने के लिए अहंकार पर नियंत्रण रखना आवश्यक है।
वृषभ:- वृषभ लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग दशम भाव में बनने से वृषभ राशि वालों के लिए राहु बुध और शुक्र की युति से नए कैरियर के अवसर मिलेगें और अचानक उन्नति के मार्ग प्रशस्त होगें । संचार, तकनीक, नैटवर्किंग मीडिया, मार्केटिंग के क्षेत्रों में विशेष सफलता के संकेत हैं। चतुर्थ भाव पर पड़ने वाले पंचग्रही दृष्टि प्रभाव से संपत्ति, भूमि, रियल एस्टेट वाहन और घरेलू जिम्मेदारियों से जुड़े मामलों को सक्रिय करता है। सार्वजनिक दायित्वों और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होगा।
मिथुन:-मिथुन लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग नवम भाव में बनने से मिथुन राशि वालों के लिए फरवरी में भाग्य साथ देता हुआ नजर आएगा और शिक्षा, आध्यात्मिकता, गुरु या विदेश से जुड़ने के अवसर सामने आ सकते हैं, जो आपका व्यापक दृष्टिकोण की और मार्गदर्शन करेंगे। तीसरे भाव पर पंचग्रही दृष्टि संचार कौशल को मजबूत करेगी और छोटी यात्राओं नेटवर्किंग को बढ़ाएगी। भाई-बहनों के साथ संबंधों में सुधार और आपसी सहयोग बढ़ेगा।
कर्क:- कर्क लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग अष्टम भाव में बनने से कर्क राशि वालों के लिए फरवरी में संयुक्त वित्त, विरासत्, जीवन साथी या ससुराल पक्ष से लाभ के अवसर बन सकते हैं। साथ ही, छिपे हुए या रुके हुए मुद्दे सामने आ सकते हैं, जो भावनात्मक और आत्म-जागरुकता को प्रोत्साहित करेंगे। द्वितीय भाव पर शुक्र और बुध की दृष्टि परिवार, वित्त, बचत और वाणी को प्रभाविता करती है। आय में सुधार के संकेत हैं ।लेकिन पारिवारिक संवाद में संवेदनशीलता आवश्यक है। स्वास्थ का ध्यान रखें ।
सिंह:- सिंह लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग सप्तम भाव में बनने से सिंह राशि वालो के लिए फरवरी में साझेदारी, विवाह और सार्वजनिक संबंधों से संबंधित कार्यों में गति आएगी। इससे संचार और बातचीत की क्षमता बढ़ेगी। अचानक नए संबंध बन सकते हैं, जिनमें आकर्षण तीव्र होगा और इसमें भिन्न पृष्ठभूमि से लोग शामिल हो सकते हैं। व्यावसायिक सहयोग, अनुबंध और रणनीतिक गठजोड़ के लिए यह शक्तिशाली समय है, बशर्ते स्पष्ट और पारदर्शिता बनी रहे।
कन्या:-कन्या लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग षष्ठ भाव में बनने से कन्या राशि वालों के लिए फरवरी में कार्य दबाव, प्रतिस्पर्धा और स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ेगी। यह अवधि बाधाओं को दूर करने, विरोधियों पर विजय पाने और सेवा व समस्या के समाधान से जुड़े क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए अनुकूल है। अत्यधिक कार्यभार या तनाव स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए सुव्यवस्थित दिनचर्या और आत्म देखभाल दीर्घकालिक स्थिरता और सफलता सुनिश्चित करेगी।
तुला:- तुला लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग पंचम भाव में बनने से तुला राशि वालों के लिए फरवरी में रचनात्मकता, प्रेम बुद्धि और संतान से जुड़े कार्यो के लिए यह समय लाभकारी रहेगा । यह समय रचनात्मक परियोजनाओं को समर्थन देता है, जो पहचान और आर्थिक लाभ दोनों दिला सकता है। प्रेम जीवन में नवीनता और उत्साह बढ़ेगा। एकादश भाव पर पंचग्रही दृष्टि आर्थिक लाभ, सामाजिक नेटवर्क और इच्छापूर्ति को मजबूत करेगी। मित्रों, समूहों या रचनात्मक विचारों और शेयर मार्केट से सोच समझकर की गई डील से लाभ की संभावना है ।
वृश्चिक:- वृश्चिक लग्न में कुंभ राशि पर पंचग्रही योग चतुर्थ भाव मे बनने से वृश्चिक राशि वालों के लिए फरवरी में यह अवधि संपत्ति खरीदने, नवीनीकरण या वाहन लेने के लिए अनुकूल है। ग्रह प्रभाव घरेलू सुख-सुविधाओं और भावनात्मक संतुलन को बेहतर बनाते हैं। दसवें भाव पर पंचग्रही दृष्टि होने के कारण पेशेवर स्तर पर कैरियर प्रगति और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यो के माध्यम से लाभ मिलने की संभावना है ।
धनुः- धनु लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग तृतीय भाव में बनने से धनु राशि के लिए फरवरी महीने में छोटी यात्राएं आ सकती हैं। भाई-बहनों से संबंध और कौशल विकास पर फोकस रह सकता है। मीडिया, लेखन, मार्केटिंग तकनीक और ऑनलाइन क्षेत्रों में यह अनुकूल समय है। नवम भाव पर राहु, शुक्र, बुध,सूर्य और मंगल की दृष्टि भाग्य, गुरु कृपा और विकास के अवसर बढ़ाती है।आध्यात्म में रुचि बढ़ सकती है। लाभ का समय है ।
मकरः- मकर लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग द्वितीय भाव मे बनने से मकर राशि वालों के लिए फरवरी में राहु, बुध,शुक्र,सूर्य और मंगल का गोचर आर्थिक वृद्धि, भौतिक लाभ और रणनीतिक योजना के लिए अनुकूल है। वाणी और संवाद नए अवसर को आकर्षित कर सकते हैं। यह समय धन संगम, सुख-सुविधाओं का आनंद और पारिवारिक सामंजस्य बढ़ाने के लिए अच्छा है। ड्राइविंग में सावधानी जरूरी है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।समय का लाभ लें ।
कुम्भ:- कुंभ लग्न में पंचग्रही योग लग्न में बनने से कुम्भ राशि वालों के लिए फरवरी में राहु, बुध, शुक्र, सूर्य और मंगल का गोचर आपके व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और जीवन दिशा पर प्रभाव डालेगा आत्म-पुनर्निर्माण का शक्तिशाली समय है, जहां व्यक्तित्व में बदलाव दूसरों को स्पष्ट रूप से दिखाई देगा आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा जिससे लोग स्वाभाविक रूप से आपकी ओर आकर्षित होंगे। व्यक्तिगत लक्ष्यों को पुनः पारिभाषित करने और स्वयं अनुरूप निर्णय लेने का आदर्श समय है।
मीन:- मीन लग्न में कुम्भ राशि पर पंचग्रही योग द्वादश भाव मे बनने से मीन राशि जातकों के लिए फरवरी में राहु, बुध,शुक्र ,सूर्य और मंगल का बारहवें भाव में गोचर विदेश से जुड़े अवसरों और अंतर्राष्ट्रीय संपर्कों को मजबूत करेगा। खर्च बढ़ सकते हैं, लेकिन साथ ही आंतरिक स्पष्टता, आध्यात्मिकः विकास और आत्म-चेतना भी बढ़ेगी। विदेश यात्रा या सहयोग के अवसर उभर सकते हैं, जो नए अनुभवों के द्वार खोलेंगे।