29/05/2026
पटना के रुपसपुर इलाके के एक होटल में युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़िता अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने बेगूसराय से पटना आई थी और परीक्षा के बाद दोनों होटल में ठहरे थे। आरोप है कि आधी रात होटल का एक स्टाफ शराब के नशे में कमरे में घुस गया और युवती का हाथ पकड़कर खींचने लगा। पिता की नींद खुलते ही आरोपी वहां से भाग निकला।
पीड़िता के पिता ने बताया कि उन्होंने होटल में 1000 रुपये में कमरा बुक कराया था। दोनों होटल के कमरा नंबर-103 में ठहरे हुए थे। रात करीब 12:48 बजे होटल स्टाफ सत्येंद्र कुमार अचानक कमरे में घुस आया। उस समय कमरा अंदर से लॉक नहीं था। आरोपी ने युवती का हाथ पकड़ लिया। पिता के जागने पर उन्होंने स्टाफ से पूछा कि वह कमरे में कैसे आया। इस पर आरोपी बहाना बनाने लगा कि वह बेल बजा रहा था, लेकिन दरवाजा नहीं खुल रहा था।
पिता ने कहा कि अगर होटल को किसी बात का संदेह था तो बुकिंग के समय आधार कार्ड का सत्यापन किया जा सकता था। घटना के बाद उन्होंने अपने भतीजे को सूचना दी। भतीजा तुरंत होटल पहुंचा और काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। वहां बताया गया कि कमरे में घुसने वाला व्यक्ति होटल मालिक का ड्राइवर है।
इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के सभी कमरों की तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस को एक कमरे में 4 लड़कियां और 4 लड़के शराब पीते हुए मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
पुलिस के पहुंचते ही होटल मैनेजर मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान कमरों में सामान बिखरा मिला और खाने-पीने की चीजों के साथ कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद होने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लड़के-लड़कियों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी