10/07/2026
योगिनी एकादशी कल, चैतन्य गौड़ीय मठ व इस्कॉन टेंपल में गूंजेगा हरिनाम
व्रत, पूजा-अर्चना और संकीर्तन से मिलेगा आध्यात्मिक उन्नति का अवसर, धार्मिक आयोजन भी होंगे
आषाढ़ मास की कृष्ण पक्ष एकादशी यानी योगिनी एकादशी के अवसर पर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु भक्ति और आस्था में लीन होंगे। इस वर्ष योगिनी एकादशी शनिवार को मनाई जाएगी। इसी पावन अवसर पर सेक्टर-20 स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ मंदिर और इस्कॉन टेंपल में विशेष पूजा-अर्चना, हरिनाम संकीर्तन और धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा।
धार्मिक गुरुओं और संस्थाओं का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में एकादशी जैसे व्रत मानसिक तनाव से मुक्ति का अचूक साधन हैं। सामूहिक रूप से 25 माला नाम जाप करने से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। संस्थाओं द्वारा इस दिन विशेष कीर्तन और कथाओं का आयोजन भी किया जा रहा है ताकि युवा पीढ़ी भी अपनी संस्कृति से जुड़ सके।
सनातन परंपरा में योगिनी एकादशी व्रत को भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना का विशेष पर्व माना गया है। मान्यता है कि इस व्रत के पालन से मनुष्य को पापों से मुक्ति, मानसिक शांति और जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु इस दिन उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की विशेष पूजा करते हैं।
सुबह मंगला आरती के बाद प्रभात फेरी निकलेगी सेक्टर-20 मठ मंदिर
मठ के प्रवक्ता जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि योगिनी एकादशी के दिन सुबह मंगला आरती के बाद प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन निकाला जाएगा। भक्त फलाहार व्रत रखते हुए भगवान के नाम का जाप करेंगे। शाम को विशेष आरती, संकीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन आयोजित होंगे। मठाधीश श्री वामन जी महाराज ने कहा कि एकादशी का महत्व केवल उपवास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मन, वचन और कर्म की शुद्धि का पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दिन सत्य का पालन करने, नशे और तामसिक भोजन से दूर रहने तथा अधिक से अधिक समय भगवान के स्मरण में लगाने की अपील की।
मंदिर में पारण का समय सुबह 05:28 से 10:08 बजे तक रहेगा...
ज्योतिषाचायों के अनुसार, योगिनी एकादशी पर विधि-विधान से पूजा, मंत्र जाप और व्रत करने से आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए यह व्रत भक्ति, संयम और आत्मिक शांति प्राप्त करने का विशेष अवसर माना जा रहा है। मठ कमेटी ने
शहरवासियों से परिवार सहित मंदिर पहुंचकर संकीर्तन, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। इस्कॉन मंदिर में शनिवार को मंगला आरती के साथ अमावस्या की शुरुआत होगी। हरे कृष्ण महामंत्र का जाप होगा। पारण का समय सुबह 05:28 से 10:08 बजे तक रहेगा।