30/07/2026
संतोषी मां मंदिर महामाया स्थान में भगवती की पूजा पुनः शुरू
पुरानी धर्मशाला चौक स्थित संतोषी मां मंदिर महामाया स्थान में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जीर्णोद्धार के बाद नवनिर्मित भगवती के पिंडी पर पीतल का टोप चढ़ाया गया। इसके साथ ही पिंडी का पूर्व की तरह पूजन कार्य श्रद्धालुओं ने शुरू किया। सार्वजनिक पूजन के पूर्व पीतल का टोप बनवाने व दान देनेवाले श्रद्धालु पप्पू कुमार और उनकी धर्मपत्नी रश्मि कुमारी ने पुरोहित के दिशा निर्देशन में पूजन किया। मौके पर मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर भीमसेरिया, सचिव अनिल कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार, सदस्य रामबाबू सुमन, प्रणव भूषण उर्फ मोनी, विक्रम जयनारायण निषाद, मुन्ना कुमार, भोला चौधरी, अशोक शर्मा, पवन कुमार, अजय चौधरी आदि श्रद्धालु उपस्थित थे। विदित हो कि संतोषी मां मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से चल रहा है। इसके तहत भगवती स्थान का निर्माण पूरा हो चुका है। जबकि दुर्गा मंदिर, राम दरबार, राधा कृष्ण मंदिर और हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।