15/09/2022
सेवा में,
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार
Nitish Kumar
माननीय मंत्री,पर्यटन विभाग, बिहार सरकार
Kumar Sarvjeet
प्रधान सचिव, पर्यटन विभाग, बिहार सरकार
Department of Tourism, Government of Bihar
प्रबंध निदेशक, बिहार टुरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड,पटना
विषय:- रामायण सर्किट में संबद्ध स्थल "श्री विष्णु मंदिर, काको, जहानाबाद" पर पर्यटक सुविधाओं के विकास के संबंध में।
महाशय,
उपरोक्त विषयक सुचित करना है कि यह स्थल बिहार सरकार के रामायण सर्किट में संबद्ध पौराणिक व रमणिक स्थल है। श्री विष्णु मंदिर,काको राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 110 के किनारे स्थित है, मंदिर के ठीक बगल में एक विशाल कैकई सरोवर है,जिसका रकबा लगभग 47.10 एकड़ है, जिसमें सालों भर पानी रहता है।
इस स्थल पर प्रत्येक रविवार को भगवान भास्कर के दर्शन और जल समर्पित करने हेतु भारी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। कार्तिक छठ और चैती छठ के अवसर पर भी भारी संख्या में राज्य और राज्य के बाहर से भी श्रद्धालु जुटते हैं साथ ही वैवाहिक लग्न एवं अन्य हिंदू पर्व त्योहारों के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या आते हैं।
वर्ष 2018में तत्कालीन पर्यटन मंत्री श्री प्रमोद कुमार द्वारा श्री विष्णु मंदिर प्रबंधन समिति के आग्रह पर विभाग के प्रधान सचिव को आदेशित कर कुछ कार्य करवाए गए हैं जो श्रद्धालुओं की संख्या से नाकाफी साबित हो रहा है। मंदिर के बगल में स्थित कैकई सरोवर को भी विकसित करने का आग्रह किया गया था लेकिन इस संबंध में कोई कारवाई नहीं हो पाई।
समय-समय पर तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा भी पर्यटन विभाग के कार्यकारी एजेंसी के अभियंता के साथ स्थल निरीक्षण कर विकासोन्मुख कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया जिसे स्थानीय समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित भी किया था । श्री विष्णु मंदिर प्रबंधन समिति अपने सभी श्रद्धालुओं के तरफ से आपसे आग्रह करती है कि कृपया इस पर्यटक स्थल को उपेक्षा के दंश से बाहर निकाल तमाम पर्यटक सुविधाओं के विकास हेतु सक्षम पदाधिकारियों को आदेशित करने की कृपा करें।
इस स्थल पर कुछ मूलभूत सुविधाएं अतिआवश्यक हैं जो निम्नलिखित हैं-
(1) कैकई सरोवर के चारों ओर वाॅकिंग ट्रैक निर्माण तथा बैठने के लिए शेड तथा बेंच की व्यवस्था।
(2) कैकई सरोवर के चारों तरफ सुरक्षा घेरे के साथ वृक्षारोपण।
(3) कैकई सरोवर में बोटिंग की व्यवस्था।
(4) पर्यटक को तथा श्रद्धालुओं के ठहरने व विश्राम के लिए विश्राम स्थल के रूप में धर्मशाला का निर्माण।
(5) विवाह के उद्देश्य से आने वाले आगंतुकों के लिए विवाह मंडप तथा यज्ञ स्थल का निर्माण।
(6) पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था।
(7) पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं के लिए स्नानघर तथा चेंजिंग रूम की व्यवस्था।
(8) कैकई सरोवर के दक्षिण छोर पर बसावट क्षेत्र में घाट निर्माण।
(9) उच्च क्षमता वाले साइलेंट जेनरेटर के साथ प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था।
(10) श्री विष्णु मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा चारदीवारी का निर्माण।
(11) कैकई सरोवर के बीच में भगवान विष्णु की ऊंची प्रतिमा के साथ परिक्रमा पथ।
(12) पुराने धर्मशाला की रिट्रोफिटिंग।
(13) एलसीडी स्क्रीन वेब टेलीकास्टिंग के लिए।
(14) सरोवर के पूर्वी छोर पर नाट्य मंच का निर्माण।
(15) श्री विष्णु मंदिर, काको के बारे में विभाग के वेबसाइट पर और अधिक जानकारी उपलब्ध कराया जाए।
अतः श्रीमान से आग्रह है कि उपरोक्त वर्णित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को पूरा करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश सक्षम पदाधिकारियों को देने की कृपा करें।
निवेदनकर्ता-
श्री विष्णु मंदिर प्रबंधन समिति,काको, जहानाबाद।