23/04/2026
प्रेस विज्ञप्ति
रिफाइनरी अग्निकांड पर जेआईएच प्रदेश अध्यक्ष ने जताई चिंता; प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम के टलने को बताया गंभीर लापरवाही का परिणाम।
जयपुर: जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नाज़िमुद्दीन ने बाड़मेर (बालोतरा) स्थित पचपदरा रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में लगी भीषण आग पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल सुरक्षा मानकों की विफलता है, बल्कि राज्य और केंद्र सरकार के लिए भी एक बड़ी शर्मिंदगी का विषय है। ईश्वर का शुक्र है कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह प्रशासन की सतर्कता नहीं बल्कि महज एक इत्तेफाक था, क्योंकि इतनी बड़ी रिफाइनरी में सुरक्षा में चूक किसी बड़ी जनहानि का कारण भी बन सकती थी।
बयान में सवाल उठाया गया कि जब एक दिन बाद देश के प्रधानमंत्री का दौरा सुनिश्चित था, तब सुरक्षा घेरा और तकनीकी जांच इतनी ढीली कैसे थी? यह घटना शासन और रिफाइनरी प्रबंधन के दावों पर सवालिया निशान लगाती है।
जेआईएच राजस्थान ने मांग की है कि इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। क्या यह केवल एक तकनीकी खराबी (हाइड्रोकार्बन लीकेज) थी या इसके पीछे प्रबंधन की कोई बड़ी कोताही है ? इसकी स्पष्टता जनता के सामने आनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस हादसे से बाड़मेर और आसपास के निवासियों में डर का माहौल है। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
भवदीय,
मीडिया सेल,
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, राजस्थान
0141-2360097