12/08/2026
श्री बड़ी माता मंदिर नवनिर्माण में पटेल (मालगुज़ार) परिवार की अनूठी पहल
80 नन्हे बच्चों को भाग्यशाली भक्त उपहार योजना के ₹500 के कूपन वितरित
छिंदवाड़ा। नगरशक्ति श्री बड़ी माता मंदिर का लगभग ₹15 करोड़ की लागत से भव्य नवनिर्माण कार्य जारी है। मंदिर निर्माण के संकल्प को पूर्ण करने के उद्देश्य से मंदिर ट्रस्ट द्वारा “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत ₹500 का कूपन लेकर भक्त मंदिर नवनिर्माण में दान स्वरूप अपना योगदान दे सकते हैं और हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के आकर्षक उपहार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसी सेवा एवं सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए छिंदवाड़ा के प्रतिष्ठित पटेल (मालगुज़ार) परिवार ने एक अनुकरणीय पहल की। स्वर्गीय श्री झगड़े राव पटेल जी एवं श्री राजेश पटेल जी की स्मृति में श्री मयूर पटेल जी, छोटी माता मंदिर मेन रोड परिवार द्वारा क्षेत्र के चयनित 5 वर्ष से कम उम्र के लगभग 75 नन्हे बच्चों को भाग्यशाली भक्त उपहार योजना के ₹500 के कूपन निःशुल्क वितरित किए गए। इस अवसर पर पटेल परिवार ने कहा कि श्री बड़ी माता मंदिर क्षेत्र के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर नवनिर्माण का संकल्प शीघ्र पूर्ण हो, इसी उद्देश्य से परिवार द्वारा यह छोटा सा प्रयास किया गया है। साथ ही, क्षेत्र के नन्हे बच्चों को भी माता के मंदिर निर्माण में सहभागी बनने और भाग्यशाली भक्त उपहार योजना के माध्यम से उपहार जीतने का अवसर प्राप्त हो, यही इस पहल का उद्देश्य है। मंदिर ट्रस्ट ने पटेल परिवार की इस सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही श्री बड़ी माता मंदिर के भव्य नवनिर्माण का संकल्प पूर्ण होगा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष सोनी, सचिव राजू चरणागर, कोषाध्यक्ष अखिलेश भारद्वाज, छोटी माता अध्य्क्ष टिंकू राय , कस्तूर चंद जैन , राकेश चौरसिया , मदन चौरसिया, अरविंद राजपूत, सौरभ सेंगर, कुक्की सोनी, गौरव सोनी , परिवेश सदाफल , समर्थ बागरे , बिट्टू शुक्ला , मुकुंद रघुवंशी , अमन साहू सहित समस्त क्षेत्रीय सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्ट ने समस्त छिंदवाड़ा जिलेवासियों से श्री बड़ी माता मंदिर के भव्य नवनिर्माण में अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार योगदान देने की विनम्र अपील की है। ट्रस्ट ने इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले सभी भक्तों एवं सहयोगी परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त किया।