01/01/2026
नशे के विरुद्ध बाबा श्याम का महाप्रसाद
श्रीश्याम मिलन मंडल ने बीटीएम चौक पर लगाया बाबा श्याम का भंडारा, दिलाई नशामुक्ति की शपथ :-भवानी प्रताप
दूध-दही के खाने से रही हरियाणा की पहचान, यहां के युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान : पार्षद मनीष गुरेजा
भिवानी, 01 जनवरी : नववर्ष के अवसर पर स्थानीय बीटीएम चौक पर एक अनूठी और प्रेरक पहल देखने को मिली। श्रीश्याम मिलन मंडल द्वारा बीटीएम चौक स्थित तोरन द्वार पर बाबा श्याम के भंडारे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीटीएम चौक स्थित श्रीश्याम मंदिर के संस्थापक व प्रधान घनश्याम शर्मा ने की। इस अवसर पर भारी संख्या में युवाओं ने बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। मंडल के सदस्यों ने आने वाले प्रत्येक युवा को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और उन्हें एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर पार्षद मनीष गुरेजा ने हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति का स्मरण कराते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान दूध-दही के खाने से रही है। उन्होंने घोषणा की कि मंडल द्वारा जल्द ही एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशे से बाहर निकालकर देश की तरक्की में उनका योगदान सुनिश्चित करना होगा। उन्हेंने कहा कि इस अभियान के तहत गांव-गांव और वार्ड स्तर पर युवाओं को खेल और सकारात्मक कार्यों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का असली उद्देश्य तभी सार्थक है, जब वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। इस मौके पर अधिवक्ता ज्योति ने युवा पीढ़ी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज का युवा तेजी से नशे की गर्त में समा रहा है। यदि इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो देश का स्वर्णिम भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। युवा शक्ति राष्ट्र की नींव होती है, और इस नींव को खोखला होने से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।इस मौके पर संगीता गुप्ता, संजना ,अनीता, तरुण गोयल, नमन, शिव, केशव गर्ग, शिवम् गोयल ,सागर आदि मोजुद रहे.