Ayodhyadarpan

Ayodhyadarpan Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from Ayodhyadarpan, Ayodhya.

अयोध्या में धर्मध्वजा का ऐतिहासिक आगमन — 191 फीट शिखर पर प्रधानमंत्री मोदी करेंगे ध्वजारोहण, परंपरा को लेकर शंकराचार्य क...
25/11/2025

अयोध्या में धर्मध्वजा का ऐतिहासिक आगमन — 191 फीट शिखर पर प्रधानमंत्री मोदी करेंगे ध्वजारोहण, परंपरा को लेकर शंकराचार्य की आपत्ति से नई बहस तेज

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि परिसर में राम मंदिर के शिखर के लिए निर्मित दिव्य धर्मध्वजा अब अपने गंतव्य पर पहुँच चुकी है। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के 191 फीट ऊँचे शिखर पर इस धर्मध्वजा का ध्वजारोहण करने वाले हैं, जिसे लेकर पूरे देश की भावनाएँ प्रबल रूप से जुड़ी हुई हैं। यह क्षण करोड़ों राम भक्तों के लिए श्रद्धा, उत्साह और इतिहास के एक नए अध्याय का प्रतीक बनने जा रहा है।

हालाँकि इस आयोजन के बीच शंकराचार्यों को आमंत्रित न किए जाने पर उठे मतभेदों ने आध्यात्मिक विमर्श को भी जन्म दिया है।
ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कार्यक्रम की विधि पर आपत्ति जताते हुए कहा कि शास्त्रीय परंपराओं में ‘ध्वजारोहण’ का उल्लेख नहीं मिलता, अक्षरशः शिखर की प्रतिष्ठा अनिवार्य होती है। उनका कथन था कि जब शास्त्रसम्मत विधान नहीं दिखता, तब समारोह में सम्मिलित होना उचित नहीं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जगन्नाथपुरी और द्वारका में ध्वज परिवर्तन की परंपरा है, लेकिन शिखर पर चढ़कर इस प्रकार ध्वजा फहराने का स्वरूप पूर्व में नहीं देखा गया। इस दृष्टिकोण के साथ उन्होंने आयोजन के तौर-तरीकों पर अपनी प्रतिष्ठित असहमति दर्ज कराई है।

इसके विपरीत, राम मंदिर ट्रस्ट ने उन 100 प्रमुख दानदाताओं को आमंत्रित किया है जिनका मंदिर निर्माण में योगदान 2 करोड़ रुपये या उससे अधिक रहा है।
साथ ही लखनऊ, अयोध्या और आसपास के 25 जिलों के किसानों और स्थानीय प्रतिनिधियों को विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है, जिससे यह भव्य आयोजन सामाजिक सहभागिता और समर्पण का प्रतीक भी बन सके।

धर्मध्वजा की निर्मिति — समर्पण और शिल्पकला की अद्वितीय मिसाल

धर्मध्वजा स्वयं दिव्यता और भारतीय शिल्प विरासत का अनुपम स्वरूप लिए हुए है।

गुजरात के 6 अनुभवी कारीगरों ने इसे लगातार 25 दिनों की मेहनत से तैयार किया है।

इसकी लंबाई 22 फीट और चौड़ाई 11 फीट है।

केसरिया आभा में सुसज्जित त्रिस्तरीय ध्वज पर सूर्यदेव, ‘ॐ’, और कोविदार वृक्ष के प्रतीक अंकित हैं।

पैराशूट फैब्रिक, रेशमी धागे और उच्च क्षमता वाली नायलॉन डोरी इसे मजबूती और दीर्घायु प्रदान करते हैं।

ध्वजदंड पर लगाया गया विशेष घूमने वाला चैंबर और बॉल बेयरिंग सिस्टम तेज हवाओं में भी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

यह ध्वज न केवल भौतिक रूप से भव्य है, बल्कि विश्वास, ऊर्जा और भारतीय अध्यात्म की निरंतरता का भी प्रतीक है।

सुरक्षा और व्यवस्था — भक्तों से संयम की अपील

ट्रस्ट ने 25 नवंबर को आम श्रद्धालुओं से अयोध्या न आने की विनम्र अपील की है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की गरिमा को देखते हुए उस दिन रामलला के दर्शन सामान्य भक्तों के लिए बंद रहेंगे।
23 नवंबर की रात से भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है, जो 26 नवंबर की आधी रात तक जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी का हेलिकॉप्टर साकेत महाविद्यालय में उतरेगा, जहाँ से वे सड़क मार्ग से मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।
सेना और SPG सुरक्षा दल लगातार तैयारियों और समीक्षा में जुटे हैं, तथा 23 नवंबर को हेलिकॉप्टर द्वारा विस्तृत हवाई सर्वेक्षण भी किया गया है, जिसमें मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।

राम मंदिर में धर्मध्वजा का यह ऐतिहासिक ध्वजारोहण एक ओर आस्था का परम पर्व है, तो दूसरी ओर परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं के बीच संवाद का भी द्योतक बन गया है।

देश की निगाहें 25 नवंबर पर टिकी हैं — जब विश्वास, कला, सामाजिक भागीदारी और भारत की आध्यात्मिक विरासत एक ही क्षण में रेखांकित होंगी।

🙏 आपका दिन शुभ हो 💐*माता कालरात्रि: नवरात्रि की सातवीं देवी*  _माता कालरात्रि का रूप चाहे जितना भी भयानक हो, लेकिन वे कर...
28/09/2025

🙏 आपका दिन शुभ हो 💐
*माता कालरात्रि: नवरात्रि की सातवीं देवी*

_माता कालरात्रि का रूप चाहे जितना भी भयानक हो, लेकिन वे करुणामयी, दयालु और रक्षक देवी हैं। उनका स्मरण मात्र से ही भय और नकारात्मक शक्तियाँ दूर हो जाती हैं। माता की भक्ति से जीवन में निर्भीकता, स्थिरता और विजय प्राप्त होती है।_

माता कालरात्रि माँ दुर्गा के सप्तम स्वरूप हैं, जिनकी उपासना नवरात्रि के सातवें दिन की जाती है। इनका स्वरूप देखने में अत्यंत भीषण और डरावना प्रतीत होता है, किंतु ये अपने भक्तों को भय, रात्रि, नकारात्मक ऊर्जा और शत्रु बाधाओं से मुक्त करने वाली करुणामयी देवी हैं।

माता कालरात्रि को अंधकार की विनाशक, राक्षसों का संहार करने वाली, और भक्तों की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।

*माता कालरात्रि की विशेषताएं*

*रूप* : माँ कालरात्रि का स्वरूप काला है, जिससे उनका नाम "कालरात्रि" पड़ा।

*केश* : उनके लंबे, खुले और बिखरे हुए बाल हैं।

*नेत्र* : उनकी तीन आँखें हैं, जिनसे भयंकर अग्नि की ज्वालाएं निकलती हैं।

*श्वास* : उनके नथुनों से भी अग्निशिखाएँ निकलती हैं।

*गला और गहने* : वे नीलवर्ण गले की माला, जिसमें बिजली सी चमकती हुई मणियाँ होती हैं, धारण करती हैं।

*वाहन* : माता का वाहन गधा (गदर्भ) है, जो प्रतीक है सहजता और विनम्रता का।

*हथियार और मुद्रा:*

दाहिने हाथ – एक में वरद मुद्रा (आशीर्वाद देने की मुद्रा), दूसरे में अभय मुद्रा (भय से मुक्त करने वाली)।

बाएं हाथ – एक में लोहे का कांटा (खड्ग) और दूसरे में वज्र (बिजली)।

*पौराणिक कथा*

जब महिषासुर और अन्य राक्षस अत्याचार कर रहे थे, तब देवी दुर्गा ने अपने क्रोध से माता कालरात्रि का रूप लिया।
इस रूप ने शुम्भ-निशुम्भ, चंड-मुंड और रक्तबीज जैसे भयंकर राक्षसों का नाश किया।
माता ने अपने कालरात्रि रूप से राक्षसों का अंत कर देवताओं को पुनः सुख-शांति प्रदान की.

*माता कालरात्रि की उपासना का महत्व*

1. भय, शत्रु, काले जादू, बुरी आत्माओं और भूत-प्रेत बाधाओं से मुक्ति देती हैं।

2. अचानक आने वाले संकटों और दुर्घटनाओं से सुरक्षा प्रदान करती हैं।

3. साधक को गहन साधना, सिद्धि, और आत्मबल प्रदान करती हैं।

4. माँ की उपासना से साहस, निर्भीकता और तेज बढ़ता है।

5. जीवन में आने वाली रुकावटें, आर्थिक बाधाएँ और मानसिक समस्याएँ दूर होती हैं।

*माता कालरात्रि की पूजा विधि*

1. *पूजा का समय*

नवरात्रि के सातवें दिन, सूर्योदय से पहले या रात्रि में पूजा करना विशेष फलदायक होता है।

2. *पूजा सामग्री*

लाल फूल, गुड़, घी का दीपक

काले तिल, काले वस्त्र

नारियल, रोली, चंदन, अक्षत

3. *पूजा विधि*

1. माँ का ध्यान करें:
"ॐ देवी कालरात्र्यै नमः"

2. उन्हें स्नान कराएं और चंदन, अक्षत, फूल अर्पित करें।

3. गुड़ और नारियल का भोग अर्पित करें।

4. घी या सरसों के तेल का दीपक जलाकर माता की आरती करें।

5. माता से भय, शत्रु, रोग, और दुर्भाग्य से मुक्ति की प्रार्थना करें।

*माता कालरात्रि के मंत्र*

*ध्यान मंत्र*

"एकवेणी जपाकर्णपूरा नग्ना खरास्थिता।
लम्बोष्ठी कर्णिकाकर्णी तैलाभ्यक्तशरीरिणी॥
वामपादोल्लसल्लोहलता कण्टकभूषणा।
वर्धन मूर्धध्वजा कृष्णा कालरात्रिर्भयंकरी॥"

*बीज मंत्र
*
"ॐ क्रीं कालरात्र्यै नमः"

*स्तोत्र*

"या देवी सर्वभूतेषु माँ कालरात्रि रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥"

*माता को प्रिय भोग*

गुड़ और जौ का भोग विशेष रूप से अर्पित किया जाता है।

गरीबों को काले वस्त्र, काले तिल और गुड़ का दान भी शुभ माना जाता है।

*माता कालरात्रि से क्या सीखें?*

1. _डर से मुकाबला करना_ – माता सिखाती हैं कि भय से भागो मत, बल्कि उसका सामना करो।

2. _अंधकार में भी प्रकाश ढूंढना_ – जीवन में अंधकार का अंत भी होता है, बस साहस और श्रद्धा जरूरी है।

3. _नारी शक्ति की महिमा_ – माँ कालरात्रि दर्शाती हैं कि नारी को कमजोर समझना भूल है; आवश्यकता पड़ने पर वह अजेय बन जाती है।

4. _आंतरिक शक्ति_ – हमें जीवन में हर कठिनाई का सामना अपनी भीतरी शक्ति और विश्वास से करना चाहिए।

*हनुमान कुंड, अयोध्या: सेवा, शक्ति और समर्पण का ज्वलंत प्रतीक*अयोध्या की पुण्य भूमि में श्रीराम का नाम हर कण में है, लेक...
13/07/2025

*हनुमान कुंड, अयोध्या: सेवा, शक्ति और समर्पण का ज्वलंत प्रतीक*

अयोध्या की पुण्य भूमि में श्रीराम का नाम हर कण में है, लेकिन उनकी कथा की आत्मा यदि किसी में जीवंत है—तो वह हैं हनुमान जी। उनका संपूर्ण जीवन सेवा और समर्पण का आदर्श है। अयोध्या में स्थित हनुमान कुंड उस दिव्य स्थली का नाम है, जहाँ हनुमान जी की साधना, तप और प्रभु भक्ति का एक ऐतिहासिक अध्याय रचा गया था।

*पौराणिक मान्यता*

जब श्रीराम ने अयोध्या में रामराज्य की स्थापना की, तब हनुमान जी नित्य रामकथा, रामनाम और सेवा में लीन रहते थे। कहा जाता है कि उन्होंने एकांत में बैठकर कई वर्षों तक रामनाम का जाप और ध्यान किया था। उन्हीं की साधना से जाग्रत हुआ यह स्थान—हनुमान कुंड।

कुछ पौराणिक स्रोतों और लोककथाओं के अनुसार, यहां हनुमान जी ने अग्निदीक्षा लेकर जल से शरीर को शुद्ध किया था, जिससे उनका बल और तेज और भी बढ़ गया था। यह कुंड अग्नि और जल तत्वों के अद्भुत संतुलन का प्रतीक माना जाता है।

*आध्यात्मिक प्रभाव और विशेषताएं*

हनुमान कुंड के जल को अत्यंत शक्तिशाली और उर्जावान माना जाता है। लोक विश्वास है कि यहां स्नान करने से:

शरीर में चेतना और साहस की वृद्धि होती है,

मन के भय और संशय दूर होते हैं,

विशेष रूप से शत्रु बाधा, मानसिक दुर्बलता और आध्यात्मिक कमजोरी नष्ट होती है।

यह कुंड उन साधकों के लिए आदर्श तीर्थ है जो हनुमान जी के पथ पर सेवा, निष्ठा और शक्ति के साथ जीवन जीना चाहते हैं।

*भौगोलिक स्थिति और वर्तमान स्थिति*

हनुमान कुंड अयोध्या के हनुमानगढ़ी क्षेत्र से थोड़ी दूरी पर स्थित है। यह क्षेत्र प्राचीन मठों, मंदिरों और तपोभूमियों से घिरा हुआ है। कुंड का स्वरूप गोलाकार है और इसके चारों ओर तुलसी, पीपल और आम के वृक्षों की हरियाली इसका सौंदर्य और दिव्यता बढ़ाती है।

वर्तमान में यह स्थान स्थानीय भक्तों और कुछ संतों द्वारा पूजित तो है, लेकिन सार्वजनिक पर्यटन और तीर्थ विकास योजनाओं से अभी तक वंचित है। श्रद्धालु विशेषकर मंगलवार, शनिवार और हनुमान जयंती पर यहां दीपदान और हनुमान चालीसा पाठ करते हैं।

*प्रेरणास्पद संदेश*

हनुमान कुंड हमें सिखाता है कि सच्ची शक्ति अहंकार में नहीं, सेवा में है। हनुमान जी ने कभी स्वयं को बड़ा नहीं कहा, लेकिन उनके भीतर ऐसा बल था कि पूरी लंका को हिला दिया। यह कुंड उनके आंतरिक साधना और बाह्य शौर्य का संगम है।

जो भी व्यक्ति इस कुंड में श्रद्धा से स्नान करता है, उसे केवल बाहरी शुद्धि नहीं, बल्कि आत्मबल और साहस का अनुभव होता है। यह कुंड कर्मयोगियों का तीर्थ है।

*मेरे विचार*

_हनुमान कुंड अयोध्या की उन दिव्य धरोहरों में से है, जहाँ रामभक्त की ऊर्जा और प्रभु की कृपा एक साथ प्रकट होती हैं। यह स्थल हमें आह्वान करता है कि अगर हम जीवन में सच्ची शक्ति चाहते हैं—तो हनुमान की तरह सेवक बनिए, समर्पित बनिए, और सतत साधना में लीन रहिए।_

*नारायण कुंड, अयोध्या: विष्णु भक्ति और तपस्या की अमृतधारा*अयोध्या के पुण्य धूलि-पटल पर अनगिनत तीर्थों की चमक छिपी हुई है...
07/07/2025

*नारायण कुंड, अयोध्या: विष्णु भक्ति और तपस्या की अमृतधारा*

अयोध्या के पुण्य धूलि-पटल पर अनगिनत तीर्थों की चमक छिपी हुई है। कुछ तीर्थ राम के प्रेम में रचे-बसे हैं, तो कुछ विष्णु की भक्ति में झूमते हैं। ऐसा ही एक स्थान है—नारायण कुंड, जो अयोध्या के सबसे प्राचीन और अल्पज्ञात विष्णु तीर्थों में से एक है। यह कुंड न केवल जलशुद्धि का स्थान है, बल्कि चित्तशुद्धि की अनुभूति का केंद्र भी है।

*पौराणिक संदर्भ*

‘नारायण’ शब्द स्वयं में विष्णु के दिव्य स्वरूप का प्रतीक है। नारायण कुंड को लेकर ऐसी मान्यता है कि यह स्थान भगवान विष्णु की प्रत्यक्ष उपस्थिति का क्षेत्र रहा है। _स्कंद पुराण और वामन पुराण के अयोध्या महात्म्य खंड में उल्लेख है कि यहाँ ऋषियों ने विष्णु के सहस्त्र नामों का जाप करते हुए 108 कुंडों की परिक्रमा की और इसी कुंड में अंत में स्नान कर अपनी साधना को पूर्ण किया।_

_यह भी कहा जाता है कि इसी स्थल पर एक समय देवर्षि नारद ने ध्यानस्थ होकर नारायण स्तुति की थी, जिससे यह कुंड "नारायण कुंड" कहलाया।_

*दिव्यता की अनुभूति*

नारायण कुंड का जल न केवल शीतल, बल्कि आत्मा को शुद्ध करने वाला कहा गया है। यहाँ स्नान करने से संतोष, धैर्य और आस्था की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु मानते हैं कि इस कुंड में डुबकी लगाने से जीवन की भटकाव भरी राहें स्वयं समर्पण में बदल जाती हैं।

यह स्थान तप का है, पर शोरगुल का नहीं। यहाँ की नीरवता स्वयं में ध्यान का मंत्र है। प्राचीन समय में संत, वैष्णव भिक्षुक और ब्रह्मचारी इस कुंड के पास बैठकर विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करते थे।

*स्थान और वर्तमान स्थिति*

अयोध्या के दक्षिण-पश्चिम दिशा में, प्रयागराज मार्ग पर स्थित मसौधा रोडवेज वर्कशॉप से लगभग 5 किलोमीटर दूर, कछौली गांव के पास एक शांत और अलौकिक स्थल पर नारायण कुंड स्थित है। यह कुंड, प्रसिद्ध सूर्य कुंड से कुछ ही दूरी पर है, किंतु यहां की नीरवता और अप्रत्यक्षता इसे एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करती है।

जहाँ एक ओर अयोध्या के प्रमुख तीर्थ स्थल जनसमूह से गूंजते रहते हैं, वहीं नारायण कुंड आज भीड़-भाड़ से दूर, शांति और अध्यात्म की गोद में शांतिपूर्वक स्थित है। यह स्थान न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसका पुरातात्विक महत्त्व भी कम नहीं है। किंतु विडंबना यह है कि यह पवित्र स्थल आज श्रद्धा और तीर्थ पर्यटन के मानचित्र से धीरे-धीरे ओझल होता जा रहा है।

वर्ष 2012 में जब मैंने इस दिव्य स्थल के दर्शन किए थे, तब इसकी प्राकृतिक सुंदरता, निर्मल जल और चारों ओर फैले वृक्षों की छाया ने मन को अद्भुत शांति दी थी। उस समय खींची गई कुछ दुर्लभ तस्वीरें आज स्मृति में ही रह गई हैं — दुर्भाग्यवश वे चित्र अब उपलब्ध नहीं हैं, और इंटरनेट पर भी इस कुंड की कोई स्पष्ट छवि नहीं मिलती।

यदि आपके पास नारायण कुंड की कोई प्राचीन या वर्तमान तस्वीर, वीडियो अथवा जानकारी हो, तो कृपया साझा करें। यह हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने की एक विनम्र पहल होगी। ऐसा स्थान जो कभी श्रद्धा का केंद्र था, आज भी पुनः वही गरिमा प्राप्त कर सकता है — आवश्यकता है तो बस जन-जागरूकता और संरक्षण की भावना की।

हालाँकि, अयोध्या में चल रहे तीर्थ विकास परियोजनाओं के अंतर्गत इस पावन स्थल को पुनः जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है। अगर यह कार्य सुचारू रूप से हो पाया, तो यह कुंड आने वाले वर्षों में वैष्णव साधना केंद्र के रूप में उभरेगा।

*आध्यात्मिक संदेश*

नारायण कुंड हमें यह सिखाता है कि ईश्वर की भक्ति दिखावे से नहीं, श्रद्धा और समर्पण से फलदायी होती है। विष्णु स्वयं ‘पालक’ हैं—जो भक्तों को शरण में लेकर उनके जीवन को अनुशासन, शांति और शक्ति से भर देते हैं। यह कुंड उसी पालन शक्ति का प्रतीक है।

यह भी स्मरण दिलाता है कि भक्ति के मार्ग में कोई भी तीर्थ तब तक जागृत नहीं होता, जब तक हृदय में श्रद्धा का जल न हो। नारायण कुंड वह भूमि है जहाँ बाहरी जल से नहीं, अंतःकरण की पुकार से स्नान होता है।

*मेरे विचार*

_नारायण कुंड, अयोध्या की उन विरासतों में से एक है, जिसे जितना जाना जाए, उतना ही वह हृदय को और गहरा छूता है। यह स्थान हमें प्रभु विष्णु की शरणागति भाव की ओर प्रेरित करता है।_
_आज जब संसार भटकाव, अशांति और भ्रम में उलझा है, तब नारायण कुंड जैसे तीर्थ हमें सत्य, भक्ति और शांति की शरण प्रदान करते हैं।_

*पुण्यहरि कुंड: जहां मिला था राम-भरत का विलक्षण आलिंगन*अयोध्या की धरती पर एक तीर्थ ऐसा भी है, जहाँ आँसू से भी पावन स्नान...
04/07/2025

*पुण्यहरि कुंड: जहां मिला था राम-भरत का विलक्षण आलिंगन*

अयोध्या की धरती पर एक तीर्थ ऐसा भी है, जहाँ आँसू से भी पावन स्नान होता है। यह स्थल है—पुण्यहरि कुंड, जिसे पुनहद कुंड या बंधु बाबा स्थान के नाम से भी जाना जाता है। यह वही स्थान है जहाँ वनवास से लौटते समय श्रीराम और उनके अनुज भरत का हृदय विदीर्ण कर देने वाला मिलन हुआ था। इस कुंड की मिट्टी में केवल जल नहीं—विरह, भक्ति और आत्मबलिदान के आँसू मिले हैं।

*पौराणिक प्रसंग*

_वनवास के 14 वर्षों बाद जब श्रीराम लौटे, तो भरत ने उन्हें अयोध्या की सीमा पर ही रोक लिया। इस स्थान को *पुनहद* कहते हैं, जो 'पुनः मिलन' का प्रतीक है।_ यहीं श्रीराम और भरत ने एक-दूसरे को गले लगाया, और वर्षों से रुकी भावनाएँ फूट पड़ीं। राम ने अपने भ्रातृधर्म निभाने वाले भरत को हृदय से लगाया और भरत ने राम के चरणों को अपने नेत्रों से धोया।

यह स्थल केवल शारीरिक मिलन नहीं था, यह आत्मिक पुनर्मिलन था—एक ऐसा क्षण जब सत्ता का त्याग, वचन की मर्यादा और भक्ति का चरम भाव एक साथ साकार हुआ।

*पुण्यहरि कुंड की विशेषता*

‘पुण्यहरि’ नाम का अर्थ है—पुण्य को हरने वाला, अर्थात ऐसा तीर्थ जहाँ स्नान करके पूर्व जन्मों के पाप और वर्तमान जीवन की अशुद्धियाँ भी समाप्त हो जाती हैं। _मान्यता है कि इस कुंड के जल में स्नान करने से त्वचा रोग, पीलिया और मानसिक पीड़ा से मुक्ति मिलती है।_

यह भी कहा जाता है कि यहां की मिट्टी में राम-भरत के आलिंगन का स्पर्श आज भी जीवित है। श्रद्धालु यहां आकर उस दिव्य मिलन की अनुभूति करते हैं, जो साक्षात प्रेम और त्याग का उदाहरण है।

*वर्तमान स्थिति*

_पुण्यहरि कुंड, अयोध्या-बाजार ब्लॉक के खानपुर गाँव में स्थित है_। यह स्थल भले ही आधुनिक पर्यटन मानचित्र पर उजागर नहीं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह तीर्थ परम श्रद्धा का केंद्र है। _गांववाले इसे “बंधु बाबा” की भूमि कहते हैं और प्रत्येक वर्ष विशेष पूजा-अनुष्ठान करते हैं_।

हालांकि यहां आधारभूत सुविधाओं की कमी है—ना समुचित घाट, ना पर्यटक व्यवस्था—फिर भी भक्तजन अपनी श्रद्धा और प्रेम के साथ यहां पहुंचते हैं। यह एक मौन तीर्थ है, जहां चुपचाप बहती जलधारा मन को गहराई से छू जाती है।

*आत्मिक संदेश*

_पुण्यहरि कुंड केवल तीर्थ नहीं, यह एक संवेदनात्मक संगम है—जहाँ मनुष्य अपने भीतर के भाईचारे, क्षमा और मिलन की भावना को पुनः जागृत करता है_। यह स्थल हमें सिखाता है कि धर्म केवल व्रत और उपवास नहीं, बल्कि संबंधों को निभाने की कला भी है। भरत ने यह संदेश अपने आचरण से दिया—और पुण्यहरि कुंड उसका जीवंत स्मारक है।

_अयोध्या के प्रमुख तीर्थों में भले ही *पुण्यहरि कुंड* का नाम कम लिया जाए, लेकिन रामचरित मानस के भक्तों के लिए यह स्थान हृदय में बसे सच्चे प्रेम का धाम है। यहाँ की जलधारा भले धीमी है, पर इसकी भावनात्मक लहरें तीव्र हैं। एक बार जो यहां आता है, वह केवल शरीर से नहीं, आत्मा से भी स्नान करके लौटता है।_

*भरत कुंड, नंदीग्राम: त्याग और तप का भक्ति तीर्थ* अयोध्या के दक्षिण में लगभग 15 किलोमीटर दूर, प्रकृति की गोद में स्थित ए...
01/07/2025

*भरत कुंड, नंदीग्राम: त्याग और तप का भक्ति तीर्थ*

अयोध्या के दक्षिण में लगभग 15 किलोमीटर दूर, प्रकृति की गोद में स्थित एक पावन स्थल है—भरत कुंड, जिसे नंदीग्राम भी कहा जाता है। यह केवल एक तीर्थ नहीं, यह एक ऐसा मौन संवाद है, जहाँ राजा भरत की वाणी नहीं, उनका त्याग बोलता है। श्रीराम के वनवास के समय, अयोध्या की राजगद्दी को अपने पैरों से ठुकराकर जिनके हृदय ने भक्ति की सच्ची परिभाषा रच दी—वह तपस्वी भरत यहीं पर साधना में लीन हुए थे।

*पौराणिक पृष्ठभूमि*

जब भगवान श्रीराम को 14 वर्षों का वनवास मिला और राजा दशरथ का निधन हो गया, तब भरत जी चित्रकूट जाकर श्रीराम से वापस लौटने का आग्रह करते हैं। लेकिन जब राम ने धर्म का पालन करते हुए वन में ही रहने का निर्णय लिया, तब भरत ने अयोध्या लौटकर सिंहासन पर बैठने से मना कर दिया।

उन्होंने राम की पादुका को ही राजसिंहासन पर स्थापित किया और स्वयं नंदीग्राम में वनवासी वेश में रहकर तपस्या करते हुए राज्य का संचालन किया। इस स्थल पर उन्होंने 14 वर्षों तक ग्राम्य जीवन, सत्य, न्याय और त्याग के आदर्शों को जीवित रखा।

*भरत कुंड की महिमा*

भरत कुंड केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि भरत जी के निर्मल प्रेम और रामभक्ति का प्रतिबिंब है। यहां की हर लहर मानो भरत की अधीरता को गाती है, जो वह प्रभु राम के वियोग में अनुभव करते थे। यहाँ स्थित जटा कुंड भी अत्यंत पावन है—क्योंकि जब श्रीराम अयोध्या लौटे तो उन्होंने यहीं पर अपनी जटाएं त्याग दीं, जिससे यह स्थल राम के गृह-प्रवेश से पहले की शुद्धि का साक्षी बना।

यह स्थान हमें सिखाता है कि सच्चा नेता वह नहीं जो सिंहासन पर बैठता है, बल्कि वह जो अपने प्रभु की मर्यादा के लिए मिट्टी में लोटता है। भरत का त्याग उस प्रेम का प्रतीक है, जिसमें अधिकार नहीं, समर्पण होता है।

*वर्तमान स्थिति*

वर्तमान में भरत कुंड एक धार्मिक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। यहाँ घाट, मंदिर और तपोभूमि के चिह्न अब भी मौजूद हैं। श्रद्धालु यहाँ आकर रामायण के इस नायक के त्याग को नमन करते हैं। कार्तिक और चैत्र के मेलों में यह स्थल हजारों भक्तों से गूंजता है। अयोध्या की यात्रा तब तक अधूरी मानी जाती है, जब तक कोई भरत कुंड आकर इस निशब्द प्रेम को न नमन करे।

*आध्यात्मिक संदेश*

भरत कुंड हमें एक गूढ़ बात सिखाता है—भक्ति केवल भजन-कीर्तन नहीं, बल्कि त्याग और संयम से की जाती है। भरत ने न कोई आरती गाई, न कोई शंख बजाया—फिर भी वह श्रीराम के सबसे बड़े भक्त बन गए। उनका यह तप, यह निष्ठा, हर भक्त के लिए प्रेरणा है कि प्रभु की सेवा में इच्छाओं का विसर्जन ही सच्चा धर्म है।

*मेरे विचार*

भरत कुंड एक मौन तीर्थ है। यहाँ की माटी में राजनीति का वैराग्य, सत्ता का समर्पण और भक्ति का तेज आज भी चमकता है। अयोध्या में जहाँ श्रीराम का जन्म हुआ, वहीं भरत कुंड में भक्ति का पुनर्जन्म हुआ। जो भी यहाँ आता है, उसका हृदय भरत के प्रेम में रम जाता है।

**** सूर्य कुंड, अयोध्या: एक अलौकिक तप-तीर्थ की दिव्य कहानी ******उत्तर प्रदेश के अयोध्या नगरी में, जहां श्रीराम की लीला...
30/06/2025

**** सूर्य कुंड, अयोध्या: एक अलौकिक तप-तीर्थ की दिव्य कहानी ******
उत्तर प्रदेश के अयोध्या नगरी में, जहां श्रीराम की लीलाएँ आज भी वायुमंडल में गूंजती हैं, वहीं एक प्राचीन और दिव्य स्थल है—सूर्य कुंड, जिसे 'घोषार्क तीर्थ' के नाम से भी जाना जाता है। यह केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और आत्म-शुद्धि का संगम है। इस कुंड में जल नहीं, जीवन की तपस्या प्रवाहित होती है।

-- पौराणिक महिमा --

'घोषार्क' शब्द दो भागों में विभाजित है—'घोष' अर्थात् एक राजा का नाम और 'अर्क' अर्थात् सूर्य। स्कंद पुराण में वर्णित कथा के अनुसार, राजा घोष को कुष्ठ रोग हो गया था और उन्होंने तपस्या का मार्ग अपनाया। जब उन्होंने अयोध्या में सूर्य उपासना हेतु इस कुंड में स्नान किया, तब उन्हें चमत्कारिक रूप से आरोग्यता प्राप्त हुई। तभी से यह कुंड ‘घोषार्क’ कहलाया और यह मान्यता बनी कि यहां स्नान करने से शरीर, मन और आत्मा की अशुद्धियाँ दूर होती हैं।

यह भी कहा जाता है कि भगवान श्रीराम के जन्म के समय सूर्य देवता अयोध्या में एक माह तक ठहरे थे और इस अवधि में वहाँ रात्रि नहीं हुई थी—यह सूर्य की विशेष कृपा का प्रतीक है। उसी अवतारी काल में यह कुंड अत्यंत शक्तिशाली और तीर्थ-प्रमुख बन गया।

--- आध्यात्मिक अनुभव ----

सूर्य कुंड केवल एक तीर्थ नहीं, यह एक अनुभूति है। जब श्रद्धालु कुंड के घाटों पर बैठकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तब जल की हर तरंग मानो मन के विकारों को शांत करती है। यहाँ की वायु में तपस्वियों की सांसें, ऋषियों की साधनाएँ और भक्तों की आस्थाएँ घुली हुई हैं।

कहा जाता है कि इस कुंड में स्नान करने से न केवल चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है, बल्कि जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और आत्मबल की भी प्राप्ति होती है। सूर्य कुंड का जल आत्मिक शुद्धि का सागर है—यह तन को नहीं, मन को भी धोता है।

---- वर्तमान स्थिति -----

आज सूर्य कुंड को पर्यटन और आध्यात्मिक दृष्टि से पुनर्जीवित किया जा रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने यहां लाइट एंड साउंड शो, हरित उद्यान, घाट और दीपोत्सव आयोजन स्थल विकसित किए हैं। कुंड को एक सांस्कृतिक विरासत के रूप में विश्व मानचित्र पर लाने का प्रयास हो रहा है।

प्रतिवर्ष हज़ारों श्रद्धालु यहाँ कार्तिक पूर्णिमा, सूर्य सप्तमी और मकर संक्रांति जैसे पर्वों पर आकर स्नान करते हैं। कुंड के किनारे बैठकर भजन-कीर्तन की स्वर-लहरियाँ सुनाई देती हैं, जो आत्मा को दिव्यता से भर देती हैं।

--- मेरे विचार -----

सूर्य कुंड न केवल पौराणिक तीर्थ है, यह अंतर्मन के अंधकार को उजाले में बदलने वाली जगह है। यहाँ हर सूर्य की किरण आत्मा की सूक्ष्म परतों को आलोकित करती है। जब मनुष्य इस पावन जल में डुबकी लगाता है, तब केवल शरीर नहीं भीगता, आत्मा स्नान करती है।

सूर्य कुंड, अयोध्या का वह तपोभूमि है जहां भक्ति, चिकित्सा, और साधना—तीनों एक साथ मिलते हैं। यह तीर्थ हमें याद दिलाता है कि सच्चे प्रकाश की खोज बाहर नहीं, भीतर से शुरू होती है—और यह यात्रा शुरू होती है श्रद्धा की पहली डुबकी से, सूर्य कुंड में।

30/06/2025

🚩 राम मंदिर: श्रद्धा का महासागर

पिछले कुछ महीनों में अयोध्या का श्रीराम जन्मभूमि मंदिर श्रद्धालुओं का ऐसा केंद्र बन चुका है जहाँ 5.5 करोड़ से अधिक भक्त दर्शन के लिए पहुँच चुके हैं। यह आंकड़ा मात्र संख्या नहीं, यह उस राष्ट्र भाव का परिचायक है जो राम में भारत को देखता है।

देश-विदेश की मशहूर हस्तियाँ, जैसे सचिन तेंदुलकर, अमिताभ बच्चन और यहां तक कि एलन मस्क के पिता एरोल मस्क ने भी इस नगरी में दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने इस अद्वितीय उत्साह को सुव्यवस्थित बनाने हेतु ऑनलाइन दर्शन पास, वीआईपी लॉज, स्मार्ट सिक्योरिटी, और ई-गाइडेड टूर जैसी सेवाओं की व्यवस्था की है।

01/01/2024

ये नव वर्ष हमें स्वीकार नहीं
है अपना ये त्यौहार नहीं
है अपनी ये तो रीत नहीं
है अपना ये व्यवहार नहीं
धरा ठिठुरती है सर्दी से
आकाश में कोहरा गहरा है
बाग़ बाज़ारों की सरहद पर
सर्द हवा का पहरा है
सूना है प्रकृति का आँगन
कुछ रंग नहीं , उमंग नहीं
हर कोई है घर में दुबका हुआ
नव वर्ष का ये कोई ढंग नहीं
चंद मास अभी इंतज़ार करो
निज मन में तनिक विचार करो
नये साल नया कुछ हो तो सही
क्यों नक़ल में सारी अक्ल बही
उल्लास मंद है जन -मन का
आयी है अभी बहार नहीं
ये नव वर्ष हमे स्वीकार नहीं
है अपना ये त्यौहार नहीं
ये धुंध कुहासा छंटने दो
रातों का राज्य सिमटने दो
प्रकृति का रूप निखरने दो
फागुन का रंग बिखरने दो
प्रकृति दुल्हन का रूप धार
जब स्नेह – सुधा बरसायेगी
शस्य – श्यामला धरती माता
घर -घर खुशहाली लायेगी
तब चैत्र शुक्ल की प्रथम तिथि
नव वर्ष मनाया जायेगा
आर्यावर्त की पुण्य भूमि पर
जय गान सुनाया जायेगा
युक्ति – प्रमाण से स्वयंसिद्ध
नव वर्ष हमारा हो प्रसिद्ध
आर्यों की कीर्ति सदा -सदा
नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा
अनमोल विरासत के धनिकों को
चाहिये कोई उधार नहीं
ये नव वर्ष हमे स्वीकार नहीं
है अपना ये त्यौहार नहीं
है अपनी ये तो रीत नहीं
है अपना ये त्यौहार नहीं
🙏🙏🌹🌹Ranjit Disha (रामधारी सिंह दिनकर की यह रचना आज भी उतनी प्रासंगिक है जितनी पहले थी)🕉️🕉️

Address

Ayodhya
224123

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Ayodhyadarpan posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Place Of Worship

Send a message to Ayodhyadarpan:

Share