09/12/2014
मांडवी धाम में भक्तों का सैलाब
मांडा के प्रसिद्ध भुइंया मेेले का हजारों लोगों ने उठाया लुत्फ
मांडा के प्रसिद्ध भुइंया के मेले और सिद्ध शक्ति पीठ मांडवी देवी धाम में सोमवार को भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। दूरदराज से पहुंचे हजारों की तादात में भक्तों ने मां केदरबार में शीश झुकाया व आशीर्वाद मांगा। महिलाओं ने हलवा, पूड़ी चढ़ाकर मां का आशीर्वाद लिया। भक्तों ने मेले का भी आनंद उठाया। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं, युवक, युवतियां अपने जरूरत व गृहस्थी के सामानों की खरीदारी करते रहे। मेला में बच्चों को लुभाने के लिए रंग बिरंगे खिलौने की दुकान सजाई गई थीं। मांडा खास स्थित मांडवी देवी धाम पर हर वर्ष पौष मास के पहले सोमवार को मेले का आयोजन किया जाता है। जिसका इंतजार क्षेत्रीय लोगों को बेसब्री से रहता है। मेले में दूर-दराज से हजारों लोग पहुंचते हैं।
भीड़ को देखते हुए इलाकाई पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। मेले को सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए महिला पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई थी।