15/02/2026
शिव आराधना महोत्सव
14,15,16 फरवरी 2026
प्रथम दिवस
#कलशयात्रा के साथ त्रिदिवसीय शिव आराधना महोत्सव का भव्य शुभारंभ
दिनांक: 14, 15 एवं 16 फरवरी 2026
माण्डूक्य ऋषि की तपःस्थली, श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिदिवसीय शिव आराधना महोत्सव का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया। 14 फरवरी को प्रातः काल कलशयात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
प्रातः महामाया मंदिर, मदकू से कर्मा नर्तक दल एवं बाजे-गाजे के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में कलशयात्रा निकाली गई। इस पावन यात्रा में मदकू, ठेलकी, बासिन, बड़ियाडीह, देवाकर, लमती, किरना, मदवानी, दरूवनकांपा, बारगांव सहित लगभग 20 ग्रामों की बालिकाएँ एवं महिलाएँ सिर पर कलश धारण कर सम्मिलित हुईं। कलशयात्रा के साथ चल रहा कर्मा नृत्य दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। यात्रा के यज्ञमंडप में प्रवेश के साथ विधिवत् यज्ञारंभ हुआ। तीन आवृत्ति रुद्राभिषेक के पश्चात हवन संपन्न किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आसपास के ग्रामों से श्रद्धालुओं की सतत उपस्थिति से संपूर्ण द्वीप क्षेत्र श्रद्धा एवं आस्था से ओतप्रोत रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत सभापति अम्बालिका साहू, नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू, जनपद सभापति मनीष साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, पंकज वर्मा, उदित साहू, रघु ठाकुर, विरेन्द्र तिवारी, बिहारी राजपूत, सुंदर साहू,जनपद सदस्य संजीव नेताम,लक्ष्मण साहू सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी जीवन लाल कौशिक, राममनोहर दुबे, प्रदीप शुक्ला, प्रदीप चतुर्वेदी, मनीष मिश्रा, भगवती प्रसाद मिश्र, मनीष अग्रवाल, परस साहू, प्रमोद दुबे, नेतराम सोनवानी, रामकुमार गायकवाड़, संतोष तिवारी, डॉ. रामेश्वर वर्मा, विमला सुनील साहू तथा ग्राम पंचायत मदकू के सरपंच केजूराम कोशले, ग्राम पंचायत दरूवनकांपा की सरपंच श्रीमती जलवती घृतलहरे, ग्राम पंचायत किरना के सरपंच सोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
त्रिदिवसीय महोत्सव के द्वितीय दिवस, महाशिवरात्रि पर विशेष रुद्राभिषेक, हवन एवं रात्रि में अहोरात्र रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु निरंतर सक्रिय हैं।
#द्वीप क्षेत्र की साधना का विशेष महत्व
मदकू द्वीप चारों ओर से शिवनाथ नदी से घिरा हुआ है। यहाँ शिवनाथ नदी दक्षिण दिशा से आकर उत्तर-पूर्व की ओर कोण बनाते हुए ईशान कोण में प्रवाहित होती है। हिंदू धर्म एवं प्राचीन वास्तुशास्त्र के अनुसार जिस स्थान पर नदी ईशान कोण में बहती है, वह अत्यंत पवित्र एवं शुभ माना जाता है। ऐसे स्थलों पर प्राचीन काल में मंदिरों, नगरों एवं राजधानियों की स्थापना की जाती रही है।
वास्तु सिद्धांतों के अनुसार 21 डिग्री का कोण विशेष पवित्र माना गया है। अयोध्या में सरयू नदी 22 डिग्री पर तथा प्रयाग में 23 डिग्री पर प्रवाहित होती है। मदकू द्वीप में यह प्रवाह लगभग 22 डिग्री पर स्थित है, जो इसे विशेष आध्यात्मिक महत्व प्रदान करता है। यही कारण है कि प्राचीन काल से यह क्षेत्र सनातन धर्मावलंबियों के लिए साधना, यज्ञ एवं पूजा-अर्चना का प्रमुख केंद्र रहा है।
महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक परंपरा एवं सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और सहभागिता से श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू पुनः भक्तिमय वातावरण से आलोकित हो उठा है।
#शिव_आराधना_महोत्सव २०२६