20/04/2026
संशोधित आदेश
रेल्वे स्टेशन ओरछा के समीप बने हुए अण्डर पास की रोड सरफेस पर बरसात के समय पानी भराव रोकने एवं मरम्मत कार्य दृष्टिगत हेतुडायवर्टेड मार्ग निर्धारित
कलेक्टर ने अक्षय तृतीय एवं पुष्य नक्षत्र पर्व के दृष्टिगत ओरछा में श्रद्धालुओं की आवागमन सुविधा को देखते हुए अवधि में संशोधन कर 25 अप्रैल से 19 मई 2026 तक समस्त प्रकार के भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर अस्थाई वैकल्पिक व्यवस्था का आदेश जारी किया
--
कार्यालय सहायक मण्डल अभियंता उ०म०रे० महोबा के पत्र के माध्यम से झांसी महोबा मार्ग NH-39 से ओरछा की ओर जाने वाले मार्ग पर रेल्वे स्टेशन ओरछा के समीप बने हुए अण्डर पास की रोड सरफेस पर बरसात के समय पानी भराव रोकने हेतु मरम्मत का कार्य आवश्यक रूप से किया जाना है, जिसकी मरम्मत कार्य हेतु दिनांक 12/04/2026 से दिनांक 20/05/2026 तक के लिए यातायात को पूर्ण प्रतिबंधित करने की अनुमति चाही गई है।
दिनांक 15/04/2026 को आयोजित सड़क सुरक्षा समिति बैठक में कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला निवाड़ी के पत्र अनुसार दिनांक 14/04/2026 द्वारा प्रस्तुत अभिमत एवं पर्यटन एवं धार्मिक नगरी ओरछा में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं के दृष्टिगत निर्णय अनुसार रेल्वे स्टेशन ओरछा के समीप बने हुए अण्डर पास की रोड सरफेस की मरम्मत हेतु भारी वाहनों को कुल 25 दिवस के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाना उचित है।
म.प्र. मोटरयान अधिनियम 1988 के द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े ने झांसी महोबा मार्ग NH-39 से ओरछा की ओर जाने वाले मार्ग पर रेल्वे स्टेशन ओरछा के समीप बने हुए अण्डर पास की रोड सरफेस पर बरसात के समय पानी भराव रोकने हेतु मरम्मत का कार्य होने से यातायात को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु दिनांक 17 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में अक्षय तृतीय एवं पुष्य नक्षत्र पर्व के दृष्टिगत संशोधन करते हुए दिनांक 25/04/2026 से दिनांक 19/05/2026 तक के लिए प्रचलित मार्ग से समस्त प्रकार के भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर अस्थाई वैकल्पिक व्यवस्था के लिए आवागमन हेतु डायवर्टेड मार्ग निम्नानुसार निर्धारित किया है।
डायवर्टेड मार्ग : वैकल्पिक व्यवस्था
झांसी से ओरछा होकर टीकमगढ़, टीकमगढ़ से ओरछा होकर झांसी जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन ओरछा तिगेला-निवाड़ी-पृथ्वीपुर होकर जाएंगे। ओरछा आने-जाने हेतु समस्त प्रकार के भारी वाहन वैकल्पिक मार्ग सभी प्रकार के भारी वाहन निवाड़ी पृथ्वीपुर नैंगुवा से ओरछा आ जा सकेंगे। तथा वैकल्पिक मार्ग 2- सभी प्रकार के भारी वाहन बाया झांसी-बिजौली-चकरपुर से ओरछा आ जा सकेंगे। समस्त प्रकार के दो पहिया एवं चार पहिया हल्के वाहनों नवीन निर्मित रेल्वे अंडर ब्रिज रेलवे स्टेशन ओरछा आ जा सकेंगे।
आवश्यक दिशा निर्देश
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने निर्देश दिए कि ओरछा अण्डर पास के दोनों तरफ पुलिस बल के साथ रेल्वे कर्मचारियों की ड्यूटी लाल झंडी, रिफ्लेक्टिव जैकेट, उचित बैरिकेटिंग एवं स्टॉपर के साथ लगाई जाना सुनिश्चित करें। रेल्वे कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घंटे (Round the Clock) लगाई जाना सुनिश्चित करें। डायवर्जन मार्ग ओरछा तिगैला, आजादपुरा तिराहा, नक्टा तिराहा, एवं फब्बारा तिराहा पृथ्वीपुर पर 'फ्लेक्स/साइन बोर्ड लगाया जायें, जिससे यात्रियों को मरम्मत कार्य एवं वैकल्पिक रास्तों की जानकारी प्राप्त हो सके। डायवर्जन मार्ग एवं मरम्मत स्थल पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाना सुनिश्चित करें।