05/07/2026
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, निरमण्ड
प्रेस विज्ञप्ति
विषय: श्रीखंड महादेव यात्रा के संबंध में माननीय उपायुक्त, कुल्लू से हुई बैठक
दिनांक: 04 जुलाई 2026
आज श्रीखंड महादेव यात्रा के संबंध में श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, निरमण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय उपायुक्त (डीसी), कुल्लू से शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत चर्चा की तथा यात्रा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपना पक्ष रखा।
बैठक के दौरान यात्रा स्थगित किए जाने के आधार, यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति, श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर गंभीर एवं सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने श्रद्धालुओं की भावनाओं से भी उपायुक्त महोदय को अवगत कराया।
माननीय उपायुक्त महोदय ने आश्वस्त किया कि जिन तकनीकी एवं प्रशासनिक रिपोर्टों के आधार पर यात्रा स्थगित की गई है, उनका पुनः परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही यात्रा मार्ग का पुनः तकनीकी सर्वेक्षण भी कराया जाएगा, ताकि वर्तमान परिस्थितियों का समुचित मूल्यांकन कर आवश्यक एवं उचित निर्णय लिया जा सके।
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, निरमण्ड जिला प्रशासन के इस सकारात्मक, संवेदनशील एवं उत्तरदायित्वपूर्ण दृष्टिकोण का स्वागत करता है। हमें पूर्ण विश्वास है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तथा उनकी धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए श्रीखंड महादेव यात्रा के संबंध में शीघ्र सकारात्मक एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाएगा।
अखाड़ा समस्त शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह करता है कि वे केवल जिला प्रशासन एवं अन्य अधिकृत स्रोतों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी से बचें।
हम भगवान श्रीखंड महादेव से प्रार्थना करते हैं कि उनकी असीम कृपा से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, मंगलमय एवं सफल यात्रा का शुभ अवसर शीघ्र प्राप्त हो।
हर हर महादेव।
ॐ नमः शिवाय।
जारीकर्ता:
योगीराज दावत गिरी
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, निरमण्ड
#श्रीखंडमहादेव