29/04/2026
जमशेदपुर: मंगलवार को प्रोफेसर अब्दुल बारी मेमोरियल लाइब्रेरी मानगो में अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन के तत्वावधान में "नशा मुक्त समाज एवं सामाजिक बुराइयों की रोकथाम" विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंजुमन के जनाब शौकत साहब ने की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत, दहेज प्रथा,,और मोबाइल-इंटरनेट का दुरुपयोग समाज के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इन बुराइयों से न केवल परिवार टूट रहे हैं, बल्कि नई पीढ़ी का भविष्य भी अंधकारमय हो रहा है।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
मोहल्ला स्तर पर "नशा मुक्ति जागरूकता समिति" का गठन किया जाएगा
हर शुक्रवार को मस्जिदों एवं हर रविवार को सामुदायिक भवनों में युवाओं के लिए काउंसलिंग सत्र आयोजित होंगे
स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा
प्रोफेसर अब्दुल बारी लाइब्रेरी के सचिव काशिफ रज़ा ख़ान और इरफान आलम ने कहा, "प्रोफेसर अब्दुल बारी ने हमेशा शिक्षा और समाज सुधार की बात की। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए हम समाज को नशा और अन्य बुराइयों से मुक्त कराएंगे। इसके लिए सभी धर्मों एवं वर्गों के लोगों का सहयोग आवश्यक है।"
बैठक में स्थानीय बुद्धिजीवी,उलेमा, युवा प्रतिनिधि एवं अभिभावक उपस्थित थे। अंत में देश और समाज में अमन-चैन की दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।